सोनी सब के ‘आंगन अपनों का’ में, ओमकार कपूर ने पल्लवी के संभावित प्रेमी के रूप में एन्ट्री ली
मुंबई: सोनी सब का नवीनतम पारिवारिक ड्रामा ‘आंगन-अपनों का’ एक बेटी और उसके पिता के बीच के अटूट बंधन की दिल छू लेने वाली कहानी पेश करता है। पल्लवी शर्मा (आयुषी खुराना) अपने पिता जयदेव (महेश ठाकुर) के प्रति अपने प्यार और ज़िम्मेदारी से समझौता करने को तैयार नहीं है, जिसकी प्रासंगिक कहानी के साथ यह शो दर्शकों के दिलों को झकझोर देता है। भले ही पल्लवी ने निर्णय ले लिया है, लेकिन उसके पिता अपनी बेटी की शादी देखना चाहते हैं। आने वाले एपिसोड्स में, दर्शक देखेंगे कि पल्लवी को समझाने की जयदेव की कोशिशें बेकार चली गईं। पल्लवी का कहना है कि वह शादी के लिए तभी राज़ी होगी जब उसका जीवनसाथी उसके परिवार का हिस्सा बनने को तैयार होगा।
इस मोड़ पर, एक नया सदस्य शर्मा परिवार में कुछ नया बदलाव लाने का वादा करता है। अभिनेता ओमकार कपूर जल्द ही 'आंगन अपनों का' में डॉ सिद्धांत का किरदार निभाते नज़र आएंगे। एक दयालु और प्यारे डॉक्टर, सिद्धांत ने अपने माता-पिता दोनों को खोने के बावजूद दृढ़ता से जीवन का सामना किया है। वह एक पारिवारिक व्यक्ति है, जो पल्लवी की ऐसा जीवनसाथी पाने की इच्छा का सम्मान करता है जो उसके परिवार की देखभाल करे। क्या सिद्धांत वह दूल्हा बन पाएगा जो शर्मा परिवार चाहता है?
सिद्धांत का किरदार निभा रहे, ओमकार कपूर ने कहा, “मैं इस शो का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हूं, जो इस रीति पर सवाल उठाता है कि एक लड़की को शादी के बाद अपने परिवार को प्राथमिकता देना क्यों बंद कर देना पड़ता है। मैं ऐसे शो से जुड़कर खुश हूं जो वार्तालाप योग्य ऐसे महत्वपूर्ण विषय को सामने ला रहा है। अपनी भूमिका की बात करूं तो, मैं एक दृढ़निश्चयी और दयालु डॉक्टर की भूमिका में हूं, जिसमें वे सभी योग्यताएं हैं जो पल्लवी को अपने दूल्हे में चाहिए। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पल्लवी और सिद्धांत इस मेल पर सहमत होते हैं या नहीं।”
आंगन अपनों का देखते रहें, हर सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे, केवल सोनी सब पर
